बेहतर अध्ययन-अध्यापन, अनुशासन और समृद्ध संसाधनों से विद्यार्थियों की पहली पसंद बन रहा पीएमश्री विद्यालय
राज्य के शीर्ष पाँच विद्यालयों में शामिल पीएम शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय जयनगर
सूरजपुर/03 जुलाई 2026/ सूरजपुर जिले में संचालित पीएम श्री शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, जयनगर ने शिक्षा, खेल एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर न केवल जिले, बल्कि प्रदेश स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। हाल ही में राजधानी रायपुर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान विद्यालय को राज्य स्तरीय प्रदर्शन मूल्यांकन में शीर्ष पाँच पीएम श्री विद्यालयों में शामिल किया गया, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।
विद्यालय में कक्षा पहली से बारहवीं तक लगभग 610 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यहां सभी कक्षाओं के लिए पृथक कक्ष, स्मार्ट बोर्ड आधारित शिक्षण व्यवस्था, आधुनिक भौतिकी, रसायन शास्त्र एवं जीव विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय तथा कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। प्रयोगशालाओं में विद्यार्थियों को व्यवहारिक अध्ययन कराया जाता है, वहीं पुस्तकालय में साहित्यिक पुस्तकों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों का अध्ययन करने का अवसर मिलता है। विद्यालय परिसर में बालक एवं बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय तथा स्वच्छता की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता के साथ-साथ अनुशासन, संस्कार और समग्र व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा निर्धारित भोजन मंत्र, राज्य गीत, राष्ट्रीय गान एवं राष्ट्रीय गीत का गायन विद्यालय में नियमित रूप से कराया जाता है। विद्यालय प्रारंभ होने से पूर्व, मध्यान्ह भोजन के समय तथा विद्यालय की छुट्टी के समय इनका सामूहिक गायन विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और नैतिक मूल्यों के संवर्धन का माध्यम बन रहा है।
विद्यालय की गुणवत्ता का ही परिणाम है कि कई विद्यार्थी निजी विद्यालयों से नाम कटवाकर यहां प्रवेश ले रहे हैं। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के अनुसार यहां अध्ययन-अध्यापन का वातावरण बेहतर है तथा स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर शिक्षा, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और खेल गतिविधियों से सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी, व्यावहारिक और रोचक बनी है।
खेल गतिविधियों के लिए विद्यालय में उत्तम खेल मैदान उपलब्ध है, जहां विभिन्न खेलों का नियमित अभ्यास और संचालन किया जाता है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 02 स्वर्ण, 10 रजत और 27 कांस्य पदक अर्जित किए हैं। वहीं सात्विक राज का चयन ड्यूस क्रिकेट तथा आरुष मृदा का चयन नेशनल गेम्स के लिए हुआ। सरगुजा ओलंपिक में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बास्केटबॉल प्रतियोगिता में तृतीय स्थान, जबकि शिक्षकों की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
शैक्षणिक उपलब्धियों में भी विद्यालय लगातार उत्कृष्ट रहा है। पीएम श्री विद्यालय के रूप में उन्नयन के बाद से विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। बोर्ड परीक्षा में कक्षा 10वीं के 02 तथा 12वीं के 6 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए हैं।
विद्यालय की उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के शीर्ष पाँच पीएम श्री विद्यालयों में जिले के विद्यालय का स्थान बनाना शिक्षकों, प्राचार्य एवं विद्यार्थियों के सतत परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है और इसे आगे बढ़ने की प्रेरणा के रूप में लिया जाना चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ जिले के प्रत्येक विद्यालय और प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचे।
