प्रचार-प्रसार का दिख रहा सकारात्मक प्रभाव, बाल विवाह की सूचना देकर बचाई गई एक किशोरी का भविष्य

बीजापुर 30 जून 2026- महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला प्रशासन तथा पुलिस विभाग द्वारा जिले में संचालित बाल विवाह रोकथाम एवं जन-जागरूकता अभियान का सकारात्मक प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। जागरूक नागरिकों द्वारा समय रहते चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एवं महिला हेल्पलाइन 181 पर सूचना देने के कारण एक संभावित बाल विवाह को सफलतापूर्वक रोका गया।
प्राप्त सूचना के अनुसार, जिले के भोपालपटनम विकासखंड के एक गांव में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी का विवाह तय किया गया था। सूचना मिलते ही महिला एवं बाल विकास विभाग, चाइल्ड लाइन टीम तत्काल मौके पर पहुँची। टीम ने किशोरी के माता-पिता सहित उपस्थित ग्रामीणों एवं परिजनों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इसके कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। समझाइश एवं विधिक परामर्श के बाद परिजनों ने बाल विवाह नहीं करने तथा बालिका की शिक्षा निरंतर जारी रखने की सहमति व्यक्त की। संबंधित परिवार से भविष्य में बाल विवाह न कराने का लिखित आश्वासन भी लिया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक एवं कानूनी अपराध है। यदि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले तो तत्काल 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) अथवा 181 (महिला हेल्पलाइन) पर सूचना दें। समय पर दी गई सूचना किसी बच्चे का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।
जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग ने नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। जिले में लगातार चलाए जा रहे प्रचार-प्रसार, ग्राम स्तरीय बैठकों, विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रमों तथा सामुदायिक संवाद का सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है।

इन्हें भी पढ़े