जिला कृषि स्थायी समिति की उपस्थिति में 200 कृषकों को वितरित किए गए उन्नत बीज
खरीफ फसलों की बेहतर बुआई और उत्पादन वृद्धि के उद्देश्य से मक्का, अरहर एवं उड़द के बीजों का वितरण
अम्बिकापुर 30 जून 2026/ खरीफ मौसम में किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि के उद्देश्य से मंगलवार को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी (एसएडीओ) कार्यालय, अम्बिकापुर में बीज वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कृषि स्थायी समिति की सभापति अध्यक्ष श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष सतीश यादव, जनपद कृषि स्थायी समिति अध्यक्ष श्रीमती शोभा मानिकपुरी, कृषि स्थायी समिति सदस्य श्रीमती सरिता मानिकपुरी, भूतपूर्व जनपद उपाध्यक्ष विशुन दास तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे. आलम की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान शासन की विभिन्न कृषि प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत लगभग 200 कृषकों को खरीफ फसलों के उन्नत एवं प्रमाणित बीजों का वितरण किया गया। इस अवसर पर मक्का के 6.00 क्विंटल, अरहर के 7.52 क्विंटल तथा उड़द के 4.00 क्विंटल बीज किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। बीज वितरण के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने प्रत्येक कृषक को उनकी आवश्यकतानुसार बीज उपलब्ध कराते हुए समय पर बुआई करने की सलाह दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कृषि स्थायी समिति की सभापति अध्यक्ष श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया ने कहा कि कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने और किसानों की आय में वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की शासन लगातार किसानों के हित में अनेक योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर रहा है। गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित बीजों का उपयोग करने से फसलों की उत्पादकता बढ़ती है तथा किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त होता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे आधुनिक कृषि तकनीकों, संतुलित उर्वरक प्रबंधन, बीजोपचार तथा वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर अधिक उत्पादन प्राप्त करें।
वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जे. आलम ने किसानों को खरीफ फसलों के बेहतर प्रबंधन, बीजोपचार, उर्वरक उपयोग, कीट एवं रोग नियंत्रण तथा मौसम आधारित कृषि कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ भी लगातार उपलब्ध करा रहा है, जिससे खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित कृषकों ने समय पर गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए राज्य शासन एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
