निदान 1100 में दर्ज शिकायतों का प्राथमिकता से हो रहा निराकरण

नाली सफाई व जलभराव पर नगर पालिका की विशेष नजर
बारिश के मौसम में बढ़ीं स्वच्छता संबंधी शिकायतें, सीएमओ ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
महासमुंद। नगर पालिका परिषद महासमुंद द्वारा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित निदान 1100 में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है। वर्षा ऋतु के दौरान नाली सफाई, जल निकासी, जलभराव एवं स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों में बढ़ोतरी को देखते हुए नगर पालिका ने इन मामलों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि निदान 1100 के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों की नियमित समीक्षा की जा रही है। विशेष रूप से नाली सफाई, जलभराव और गंदगी संबंधी शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित कर्मचारियों एवं वार्ड प्रभारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में नागरिक भी अपनी समस्याओं के समाधान के लिए निदान 1100 मोबाइल ऐप और हेल्पलाइन का अधिक उपयोग कर रहे हैं। प्राप्त शिकायतों का नियमित परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
सीएमओ सौरभ शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि नगर की स्वच्छता, जल निकासी एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं की जानकारी निदान 1100 के माध्यम से दर्ज कराएं, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देश दिए हैं कि सभी शिकायतों का गंभीरता से निराकरण करते हुए समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।