एनएच-53 से 51 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

ओडिशा से कानपुर ले जाई जा रही थी 25.50 लाख की खेप
महासमुंद। अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकेबंदी कर ओडिशा के भुवनेश्वर से उत्तर प्रदेश के कानपुर ले जाई जा रही 51 किलोग्राम गांजा की खेप बरामद की है। इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर जंगल की ओर फरार हो गया।
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री पर लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा नंबर की एक मारुति सुजुकी कार (एचआर 55 एएल 8890) में ओडिशा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश जाया जा रहा है।
सूचना मिलते ही सिंघोड़ा पुलिस ने एनएच-53 स्थित रेहटीखोल में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार पहुंची, जिसे रोकते ही चालक के साथ बैठा दूसरा व्यक्ति वाहन से उतरकर जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन वह फरार होने में कामयाब रहा।
कार चालक ने पूछताछ में अपना नाम आलोक कुमार चौहान (32 वर्ष) निवासी नेगवा खिरिया, थाना किशनी, जिला मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) बताया। वहीं फरार आरोपी की पहचान संजीव कुमार निवासी वेस्ट सागरपुर, दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के रूप में हुई।
वाहन की तलाशी लेने पर बीच की सीट में रखी तीन प्लास्टिक बोरियों से कुल 51 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गांजा भुवनेश्वर (ओडिशा) से कानपुर (उत्तर प्रदेश) बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25.50 लाख रुपये मूल्य का 51 किलो गांजा, 5 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी कार तथा 10 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन जब्त किया है। कुल 30 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपी के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इन्हें भी पढ़े