एनएमएमएसई परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन, 143 विद्यार्थी सफल

उत्तर बस्तर कांकेर, 26 जून 2026/ राष्ट्रीय साधन एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएसई) 2026 में कांकेर जिले के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को गौरवान्वित किया है। घोषित परीक्षा परिणामों के अनुसार जिले के 143 विद्यार्थियों का चयन छात्रवृत्ति के लिए हुआ है। यह उपलब्धि जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सतत शैक्षणिक अनुश्रवण तथा विद्यार्थियों की नियमित तैयारी का सकारात्मक परिणाम है।
विद्यार्थियों की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान विशेष रणनीति के तहत कार्य किया गया। कक्षा आठवीं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें प्रारंभिक स्तर से ही एनएमएमएस परीक्षा की तैयारी से जोड़ा गया। नियमित ओएमआर शीट आधारित अभ्यास, मॉडल प्रश्नपत्रों का निर्माण, साप्ताहिक परीक्षण, विषयवार मार्गदर्शन तथा परिणामों के विश्लेषण के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप तैयार किया गया। इन प्रयासों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा और परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किए।
इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का सतत मार्गदर्शन, शिक्षा के प्रति विशेष संवेदनशीलता तथा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण विकसित करने की प्रतिबद्धता प्रमुख रूप से रही है। उनके निर्देशन में जिले में शिक्षा गुणवत्ता संवर्धन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न नवाचारात्मक गतिविधियां संचालित की गई। इसके साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला मिशन समन्वयक के निर्देशन में सभी विकासखंडों में सुनियोजित कार्ययोजना के अनुसार एनएमएमएस तैयारी अभियान संचालित किया गया। विकासखंड शिक्षा अधिकारियों, संकुल समन्वयकों, संस्था प्रमुखों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित मार्गदर्शन, अभ्यास एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया, जिसके परिणामस्वरूप जिले के 143 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने इस उपलब्धि पर सभी चयनित विद्यार्थियों, उनके पालकों, शिक्षकों एवं शैक्षणिक अमले को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता जिले के समस्त शैक्षणिक परिवार के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं निरंतर परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले को शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने सभी चयनित विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आगामी शैक्षणिक जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की है।

इन्हें भी पढ़े