अमृत सरोवरों में गूंजा योग का संदेश, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन
बेमेतरा 22 जून 2026/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) से निर्मित अमृत सरोवरों में सामूहिक योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणजनों, महिलाओं, युवाओं एवं स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस वर्ष की थीम ष्योगा फॉर हेल्दी एजिंग (ल्वहं वित भ्मंसजील ।हमपदह)88 के अनुरूप सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय एवं निरोग जीवन के लिए योग का महत्व बताया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक प्रभावी जीवन पद्धति है।
उल्लेखनीय है कि जनपद पंचायत नवागढ़ में मनरेगा के अंतर्गत अब तक 21 अमृत सरोवरों का निर्माण किया जा चुका है। ये अमृत सरोवर जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। साथ ही इनके निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर भी प्राप्त हुए हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि अमृत सरोवर केवल जल संरक्षण की संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक, सांस्कृतिक, पर्यावरणीय एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थलों के रूप में भी विकसित हो रहे हैं। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन इसी सोच का एक सशक्त उदाहरण है, जिसने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया।
जनपद पंचायत नवागढ़ द्वारा भविष्य में भी अमृत सरोवरों एवं अन्य सामुदायिक परिसंपत्तियों के माध्यम से जन स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण एवं जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
