जिला न्यायालय एवं जिला जेल में उत्साह पूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

बेमेतरा 22 जून 2026/ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला न्यायालय परिसर में योगाभ्यास एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं न्यायिक कर्मचारियों ने सहभागिता कर योग को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का आधार बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष की थीम ष्योग फॉर हेल्दी एजिंग (ल्वहं वित भ्मंसजील ।हमपदह)’’ सभी आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ, सक्रिय एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है। योग मन, शरीर और आत्मा के समन्वय का माध्यम है, जो व्यक्ति को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक शांति, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव में कमी आती है तथा जीवन की गुणवत्ता में सुधार होता है।
आयोजित योग सत्र में योग प्रशिक्षक नरेश कुमार तिवारी, अधिवक्ता द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रतिभागियों को योग के महत्व एवं उसके दीर्घकालिक लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई। योग दिवस के अवसर पर जिला जेल बेमेतरा में भी विशेष योग कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बंदियों को योग के लाभ एवं महत्व की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्म अनुशासन एवं सकारात्मक सोच विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसी क्रम में तालुका विधिक सेवा समिति, साजा में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में योग दिवस मनाया गया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकार मित्रों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को योग के लाभ, महत्व एवं नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रमों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के प्रति लोगों को प्रेरित करने का संदेश दिया गया।