कलेक्टर ने पीडीएस राशन के गोदाम का किया अवलोकन

कलेक्टर ने गोदाम के भंडारण क्षमता, राशन परिवहन और वितरण व्यवस्था का लिया जायजा
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 18 जून 2026/कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सारंगढ़ के गढ़चौक स्थित छत्तीसगढ़ स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन शाखा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के गोदाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) एवं मध्यान्ह भोजन योजना के लिए संग्रहित चावल, नमक और शक्कर की गुणवत्ता की जांच की तथा चावल की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए हितग्राहियों और राशन दुकानों तक साफ एवं गुणवत्तापूर्ण चावल पहुंचाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने गोदामों की भंडारण क्षमता, परिवहन व्यवस्था एवं वाहनों में जीपीएस की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने 60 टन क्षमता वाले धर्मकांटा का भी निरीक्षण किया तथा सभी गोदामों का अवलोकन किया। नागरिक आपूर्ति एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को राइस मिलरों से गुणवत्तापूर्ण चावल क्रय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर उमेश कुमार साहू एवं जिला खाद्य अधिकारी गणेश कुमार कुर्रे, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के जिला प्रबंधक घनश्याम कश्यप उपस्थित रहे।