खनिज का अवैध परिवहन एवं उत्खनन करने पर 1 जेसीबी एवं 2 हाईवा जप्त
राजनांदगांव 10 जून 2026। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिज का अवैध उत्खनन, भण्डारण एवं परिवहन करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में खनिज विभाग की टीम द्वारा ग्राम अछोली, चौथना, छिरपानी, कल्याणपुर, ढारा, मुढिय़ा मोहारा क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम मुरूम एवं रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करने पर 1 जेसीबी एवं 2 हाईवा को जप्त किया गया। इसके तहत ग्राम बिजनापुर निवासी हेम प्रकाश वर्मा के स्वामित्व की जेसीबी क्रमांक सीजी 08 बीबी 4365 एवं राजनांदगांव निवासी प्रशांत सिन्हा के स्वामित्व की हाईवा क्रमांक सीजी 08 एआर 7660 से मुरूम का अवैध उत्खनन करने तथा छुईखदान निवासी मनीष चन्द्राकर के स्वामित्व की हाईवा क्रमांक सीजी 04 एनजे 2055 से रेत का अवैध परिवहन करने पर कार्रवाई करते हुए जप्त कर थाना मोहारा को सुपुर्द किया गया। प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन, भण्डारण की रोकथाम के लिए लगातार गस्त व निगरानी की जा रही है।
