जनसमस्या निवारण शिविर में फगनी बाई को मिला सरल एवं त्वरित समाधान
राजनांदगांव 10 जून 2026। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत बलदेव प्रसाद मिश्र स्कूल मैदान बसंतपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर आम नागरिकों के लिए मददगार साबित हुआ। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया। जोगीनगर राजनांदगांव निवासी श्रीमती फगनी बाई ने शिविर में पहुंचकर महतारी वंदन योजना के लिए अपना ई-केवाईसी कार्य सफलतापूर्वक कराया। उन्होंने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रूपए की सहायता राशि प्राप्त हो रही है। योजना का निरंतर लाभ प्राप्त करने के लिए ई-केवाईसी कराना अनिवार्य था, लेकिन वे यह प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रही थी। श्रीमती फगनी बाई ने बताया कि घर के समीप आयोजित सुशासन तिहार के जनसमस्या निवारण शिविर में उनकी समस्या का सरल एवं त्वरित समाधान हो गया। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से बिना किसी परेशानी के उनका ई-केवाईसी पूरा हो गया, जिससे अब उन्हें योजना का लाभ निरंतर मिलता रहेगा। स्थानीय नागरिकों ने भी शिविर में उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और त्वरित सेवाओं की सराहना करते हुए इसे शासन की जनहितकारी पहल बताया। सुशासन तिहार के तहत आयोजित ऐसे शिविरों से आम लोगों को शासकीय योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो रहा है।
