सुशासन तिहार शिविर में बना घनश्याम दास साहू का नि:शुल्क लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस
राजनांदगांव 10 जून 2026। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर जनसामान्य के लिए सुविधाओं और सेवाओं को उनके द्वार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बना है। इसी कड़ी में राजनांदगांव शहर के मोहड़ वार्ड निवासी घनश्याम दास साहू को शिविर के माध्यम से नि:शुल्क लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा प्राप्त हुई। घनश्याम दास साहू ने बताया कि वे घर के समीप मोहड़ स्कूल परिसर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी लेने पहुंचे थे। शिविर में परिवहन विभाग द्वारा प्रदान की जा रही सुविधाओं की जानकारी मिलने पर उन्होंने लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन किया। आवेदन करने के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उनका नि:शुल्क लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए परिवहन विभाग के जिला कार्यालय जाना पड़ता, लेकिन मोहड़ वार्ड में शिविर लगने से यह सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल गई। जिससे समय और धन दोनों की बचत हुई है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से उनका कार्य सरलता और शीघ्रता से पूर्ण हो गया।
साहू ने बताया कि शासन की यह पहल जनसामान्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है तथा छोटे-छोटे कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है, जिससे लोगों का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है और सरकारी सेवाएं सहज रूप से लोगों तक पहुंच रही है।
