महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत, कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर साधा निशाना
महतारी वंदन योजना और महंगाई को लेकर सरकार को घेरा, संगठन मजबूती व महिला शक्ति पर दिया जोर
महासमुंद। छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं संजारी-बालोद विधायक संगीता सिन्हा के महासमुंद प्रथम आगमन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। खल्लारी विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के बाद जिला कांग्रेस कार्यालय में महिला कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगीता सिन्हा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम पर महिलाओं को भ्रमित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये दे रही है, वहीं दूसरी ओर महंगाई और घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़े दामों से उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की योजनाएं केवल चुनावी लाभ तक सीमित हैं और बढ़ती महंगाई से महिलाएं परेशान हैं।
विधायक द्वारकाधीश यादव ने कहा कि महिला कार्यकर्ता कांग्रेस संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संगीता सिन्हा के नेतृत्व में महिला कांग्रेस प्रदेश में नया इतिहास रचेगी। साथ ही भाजपा सरकार की कथित विफलताओं और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा संघर्ष जारी रखने की बात कही।
कार्यक्रम को सरायपाली विधायक चातुरी नंद, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमरजीत चावला, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, आलोक चंद्राकर सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सम्मेलन का उद्देश्य जिले में महिला कांग्रेस की गतिविधियों को गति देना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को मजबूत करना रहा। इस अवसर पर महिला कांग्रेस एवं कांग्रेस संगठन के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
