तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष की पत्नी राधा साहू कांग्रेस में शामिल
दर्जनों समर्थकों के साथ ग्रहण की सदस्यता, संगठन को मिलेगी नई मजबूती : कांग्रेस नेताओं का दावा
महासमुंद। तुमगांव नगर पंचायत अध्यक्ष बलराम कांत साहू की धर्मपत्नी राधा साहू ने रविवार को अपने दर्जनों समर्थकों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर एवं जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा तथा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारिकाधीश यादव ने राधा साहू एवं उनके समर्थकों को कांग्रेस का गमछा पहनाकर पार्टी में विधिवत प्रवेश दिलाया।
इस अवसर पर संगीता सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राधा साहू एवं उनके समर्थकों के कांग्रेस में शामिल होने से तुमगांव क्षेत्र में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर एवं जिला पंचायत सदस्य सृष्टि चंद्राकर ने कहा कि स्थानीय स्तर पर मजबूत जनाधार रखने वाले परिवारों का कांग्रेस से जुड़ना इस बात का संकेत है कि जनता विकास और जनसरोकारों की राजनीति के पक्ष में है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस प्रवेश से संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद राधा साहू ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी। कार्यक्रम में तुमगांव एवं महासमुंद क्षेत्र के कई वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने इसे क्षेत्र में संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
