मंदिर ले जाने के बहाने पति पर चाकू से हमला, पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज
जंगल में गोद में सिर रखवाकर गले पर किए वार, बाल-बाल बची पति की जान
महासमुंद। बसना थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंदिर में पूजा करने के बहाने पत्नी पति को जंगल ले गई और मौका पाकर चाकू से हमला कर दिया। घायल पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जटेसिरा निवासी हरि मंडल का विवाह डुंगुरीपाली निवासी वृंदावती मंडल से हुआ था। दोनों की दो बेटियां हैं। करीब छह माह पहले सामाजिक स्तर पर दोनों का एक वर्ष के लिए विवाह विच्छेद हुआ था। 5 जून को वृंदावती मंडल ने हरि मंडल को फोन कर बन दुर्गा मंदिर में पूजा करने जाने की बात कही और बसना स्थित नीलांचल राइस मिल के पास बुलाया। इसके बाद दोनों बाइक से मंदिर के लिए निकले। रास्ते में ग्राम बोईरडीह के पास महिला ने पगडंडी मार्ग से जंगल की ओर जाने को कहा। जंगल में एक पेड़ के नीचे बैठने के दौरान महिला ने पति से अपना सिर उसकी गोद में रखने को कहा। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपने पर्स से चाकू निकालकर पति के गले पर दो बार वार कर दिया। हमले में हरि मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी महिला अपना मोबाइल और सैंडल मौके पर छोड़कर फरार हो गई। घायल की शिकायत पर बसना पुलिस ने आरोपी वृंदावती मंडल के खिलाफ बीएनएस की धारा 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
