आश्रम-छात्रावासों में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु निजी चिकित्सकों के लिए आवेदन
– ‘स्वस्थ तन-स्वस्थ मन‘ योजना के तहत 19 जून तक कर सकते हैं आवेदन
सूरजपुर/05 जून 2026/ आदिवासी विकास विभाग सूरजपुर द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु जिले में संचालित ऐसे छात्रावास एवं आश्रमों, जहां स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं, में निवासरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु ‘स्वस्थ तन-स्वस्थ मन‘ (स्वास्थ्य सुरक्षा) योजना के अंतर्गत अनुबंध आधार पर निजी चिकित्सकों (एम.बी.बी.एस./बी.ए.एम.एस.) से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक चिकित्सक 19 जून 2026 को सायं 5ः30 बजे तक कार्यालयीन कार्य दिवस में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
विभाग द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार अनुबंधित चिकित्सक को प्रत्येक माह में कम से कम दो बार संबंधित संस्था के विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक सलाह देनी होगी तथा स्वास्थ्य पंजी एवं हेल्थ कार्ड तैयार करना होगा। 50 सीटर छात्रावास/आश्रम हेतु 750 रुपये प्रति भ्रमण एवं 100 सीटर हेतु 1200 रुपये प्रति भ्रमण मानदेय देय होगा। आवेदन करने वाले चिकित्सक का किसी शासकीय अथवा अर्द्धशासकीय संस्था में संविदा/नियमित रूप से कार्यरत न होना अनिवार्य है, जिसके लिए शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा।
अनुबंध संबंधी नियम-शर्तों एवं अन्य जानकारी हेतु कार्यालयीन दिवस में आदिवासी विकास विभाग कार्यालय (कक्ष क्रमांक जी-3, संयुक्त जिला कार्यालय भवन, भू-तल) से संपर्क किया जा सकता है।
