उप मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस पर ग्राम बड़ेगौरी में किया जल अर्पण, रोपे पौधे
जलजीवन मिशन के ग्रामीणों के घर जाकर ली जानकारी
उत्तर बस्तर कांकेर, 05 जून 2026/ प्रदेश के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल व युवा कल्याण मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री अरूण साव आज सुशासन तिहार एवं बस्तर मुन्ने अभियान के दौरान जिले के चारामा विकासखण्ड के ग्राम बड़ेगौरी पहुंचे। इस दौरान उन्हांेने विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में ग्रामीणों के समक्ष जल अर्पण कर जल संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री साव ने जल जीवन मिशन की रेट्रोफिटिंग योजना के तहत लाभान्वित ग्रामीणों के घर जाकर स्वच्छ जल की उपलब्धता एवं गुणवत्ता की जानकारी ली।
आज दोपहर उप मुख्यमंत्री श्री साव ग्राम पंचायत बड़ेगौरी पहुंचे, जहां पर उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों के समक्ष जल अर्पण किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा है कि प्रत्येक ग्रामीणों को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल मुहैया हो सके। इसके तहत जल जीवन मिशन लागू कर गांव-गांव में तथा सभी घरों में साफ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। यह एक क्रांतिकारी परिवर्तन है, जिससे लोगों का जीवन स्वस्थ एवं खुशहाल बन रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले कुंए या हैण्डपंप का पानी पीते थे, अब घर पर ही सुबह-शाम दो घंटे निर्बाध साफ पानी प्रतिदिन मिल रहा है।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ने जल जीवन मिशन की वास्तविकता जानने हितग्राहियों के घर जाकर उनसे चर्चा की। उन्होंने श्रीमती राजिम बाई नेताम और श्रीमती कोता बाई नेताम के घर जाकर उनसे पेयजल की उपलब्धता के बारे में पूछा, जिस पर उन्होंने प्रतिदिन सुबह-शाम टेप नल से नियमित रूप से पानी मिलने की बात कही। उन्होंने स्थानीय सरपंच श्रीमती गमलेश्वरी नेताम की सराहना करते हुए ग्रामीणों के हित के लिए बेहतर कार्य करने की बात कही। श्री साव ने उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच ग्रामीणों एवं जल बहनों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत बड़ेगौरी में जल जीवन मिशन के तहत 2 करोड़ 49 लाख रूपए की लागत से पानी टंकी का निर्माण किया गया है तथा रेट्रोफिटिंग योजनांतर्गत 391 घरों में नियमित रूप से पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित हो रही है।
इस दौरान उन्होंने हाई स्कूल प्रांगण में बेल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण करने पर संदेश दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ हरेश मंडावी, नागरिक महेश जैन, राजा देवनानी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रमुख अभियंता के.के. मरकाम, अतिरिक्त मिशन संचालक ओंकेश चंद्रवंशी, मुख्य अभियंता जी.एल. लखेरा, कार्यपालन अभियंता कुंदन राणा तथा सहायक अभियंता राजेश हिरकने सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और काफी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणजन उपस्थित थे।
