शिकार मामले में वन विकास निगम ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार

तीन अन्य आरोपी फरार, संभावित ठिकानों पर दबिश जारी; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
महासमुंद। वन अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विकास निगम की टीम ने शिकार प्रकरण में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वहीं मामले के तीन अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी (बार) संजय कुमार ठाकुर एवं सहायक परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी रणवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में वन विकास निगम की टीम ने बार परिक्षेत्र के बसना सर्कल अंतर्गत ग्राम पड़कीपाली और अकलतरा में विशेष अभियान चलाया। शिकार प्रकरण में शामिल आरोपियों की पतासाजी के लिए टीम लारीपुर बीट क्षेत्र के इन गांवों में पहुंची थी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने घेराबंदी कर मनोहर यादव (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि मौके का फायदा उठाकर ग्राम पड़कीपाली निवासी लोकेश भोई एवं सेवकराम भोई, तथा ग्राम अकलतरा निवासी राजू मांझी फरार होने में सफल रहे।
गिरफ्तार आरोपी मनोहर यादव को सांकरा पुलिस के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेजने के आदेश दिए, जिसके बाद उसे जेल दाखिल कर दिया गया।
वन अपराधों पर जीरो टॉलरेंस नीति
परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी (बार) संजय कुमार ठाकुर ने बताया कि वन विभाग एवं वन विकास निगम द्वारा वन्यजीवों के शिकार और अन्य वन अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। विभाग ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरत रहा है और लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि फरार तीनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। विभाग को उम्मीद है कि जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
वन विभाग की इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण और अवैध शिकार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी वन अपराधों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।