राष्ट्रीय अभियान भारत की जनगणना 2027 का प्रथम चरण दुर्ग जिले में सफलतापूर्वक संपन्न

दुर्ग, 01 जून 2026/ राष्ट्रीय अभियान भारत की जनगणना 2027 का प्रथम चरण दुर्ग जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। जिले की सभी तहसीलों, ग्रामों एवं नगरीय क्षेत्रों में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ होकर 30 मई 2026 को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अभियान के प्रथम चरण के दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर प्रत्येक मकान एवं उसमें निवासरत परिवारों से भारत सरकार द्वारा अधिसूचित 33 प्रश्नों के आधार पर जानकारी एकत्रित की गई। ये प्रश्न मकानों की स्थिति, परिवारों को उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं तथा उनकी परिसंपत्तियों से संबंधित थे। संपूर्ण जानकारी मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से संकलित की गई है, जो भारत सरकार के सर्वर पर सुरक्षित रूप से संग्रहित है। आम नागरिकों के द्वारा जनगणना से संबंधित जो भी व्यक्तिगत जानकारी दी गई है, वह जनगणना अधिनियम 1948, तथा जनगणना नियमावली 1990, के प्रावधानों के तहत पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। संकलित किए गए डेटा का उपयोग केवल नीति निर्माण एवं जनकल्याण योजनाओं के लिए ही किया जाएगा एवं भारत सरकार के द्वारा सम्पूर्ण जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात यथोचित समय पर इन आंकड़ों को जारी किया जाएगा।
इस व्यापक अभियान के सफल संचालन हेतु जिले में सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्था स्थापित की गई थी। जिले के 11 नगरीय निकायों एवं 5 तहसीलों के अंतर्गत 381 ग्रामों तथा 335 वार्डों में सर्वेक्षण कार्य संपन्न किया गया। इसके लिए 5 ग्रामीण चार्ज एवं 15 नगरीय चार्ज गठित किए गए थे, जिनके अंतर्गत कुल 3,086 मकान सूचीकरण गणना ब्लॉक बनाए गए। अभियान के संचालन में लगभग 3,632 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवाएं ली गईं। इनमें 5 प्रमुख जनगणना अधिकारी (जिला कलेक्टर एवं 4 नगर निगम आयुक्त), 1 जिला जनगणना अधिकारी, 2 अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, 24 चार्ज अधिकारी, 1 मास्टर ट्रेनर, 79 फील्ड ट्रेनर्स, 3,006 प्रगणक, 514 पर्यवेक्षक तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। प्रथम चरण (मकान सूचीकरण) का प्रमुख उद्देश्य द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के लिए एक सटीक एवं व्यापक आधार तैयार करना है, ताकि आगामी चरण में कोई भी मकान अथवा परिवार गणना से वंचित न रह जाए। जनगणना 2027 का द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के सफल संपादन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इन्हें भी पढ़े