21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का हुआ समापन
दुर्ग, 01 जून 2026/ सहायक संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला-दुर्ग द्वारा आयोजित वर्ष 2026-27 के 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का विधिवत समापन हो गया है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह प्रशिक्षण शिविर 11 मई 2026 से 31 मई 2026 तक जिले के पृथक-पृथक 17 खेल मैदानों में संचालित किया गया था, जिसमें बालक-बालिका खिलाड़ियों को फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, नेटबॉल, ताईक्वांडो एवं कुश्ती जैसे विभिन्न खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस शिविर के अंतर्गत फुटबॉल खेल का समापन के.डी. पब्लिक स्कूल बोरसी के खेल मैदान में आयोजित किया गया, जहाँ समापन समारोह के मुख्य अतिथि भूषण साहू (संचालक, के.डी. पब्लिक स्कूल बोरसी), अलबियुस एक्का (सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण, जिला-दुर्ग) तथा भूपेन्द्र कुमार हिरवानी (फुटबॉल प्रशिक्षक) विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह के दौरान ग्रीष्मकालीन शिविर में भाग लेने वाले सभी प्रतिभावान बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को खेल विभाग द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा सहायक संचालक अलबियुस एक्का ने खेल की बारीकियां सीखने वाले इन बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
