अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस पर नशामुक्ति का संदेश, रैली व सेमीनार से किया जागरूक

जीएनएम महाविद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने ली नशामुक्त भारत अभियान की शपथ
महासमुंद। तंबाकू एवं तंबाकू से निर्मित उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समाज कल्याण विभाग, शासकीय जी.एन.एम. महाविद्यालय तथा नशामुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत स्वैच्छिक संस्था शांति मैत्री ग्रामीण विकास संस्थान, एकीकृत पुनर्वास केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के अंतर्गत नशामुक्त भारत अभियान पर केंद्रित सेमीनार, नशामुक्ति रैली, चित्रकला प्रतियोगिता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। सेमीनार में तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्परिणामों, कैंसर सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों के जोखिम तथा नशामुक्त जीवन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में शासकीय जी.एन.एम. महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने धूम्रपान निषेध एवं नशामुक्त भारत विषय पर आकर्षक और संदेशपरक चित्र प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान तंबाकू निषेध संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को धूम्रपान छोड़ने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ऑनलाइन शपथ भी ली।
कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शासकीय जी.एन.एम. महाविद्यालय के शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा शांति मैत्री ग्रामीण विकास संस्थान, एकीकृत पुनर्वास केंद्र के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं जिले के सभी जनपद पंचायतों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में भी अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर नशामुक्ति रैलियां, जनजागरूकता गतिविधियां तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन्हें भी पढ़े