जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में चोरी

प्रभारी प्राचार्य के क्वार्टर से नकदी और जेवरात पार
महासमुंद। सरायपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, छिंदपाली परिसर में चोरी की घटना सामने आई है। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य के आवास से नकदी सहित सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जवाहर नवोदय विद्यालय, छिंदपाली के प्रभारी प्राचार्य लोकनाथ कैवर्त विद्यालय परिसर स्थित स्टाफ क्वार्टर में निवास करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 मई की दोपहर करीब 3 बजे वे शासकीय कार्य से अपने परिवार के साथ रायपुर गए हुए थे।
29 मई की सुबह जब वे वापस अपने क्वार्टर पहुंचे तो घर के मुख्य द्वार पर लगा ताला गायब मिला। अंदर प्रवेश करने पर कमरे का सामान बिखरा हुआ था तथा आलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर आलमारी में रखे 40 हजार रुपये नकद और करीब 10 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले।
घटना की सूचना मिलने पर सरायपाली पुलिस ने मौके की जांच की। शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश की जा रही है।

इन्हें भी पढ़े