एनएच-53 पर दर्दनाक हादसा: बागबाहरा थाने के हवलदार दयासागर भोई की मौत

बलदीडीह के पास ट्रेलर से भिड़ी बाइक, अस्पताल पहुंचने से पहले थमी जिंदगी
महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर रविवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बागबाहरा थाने में पदस्थ हवलदार दयासागर भोई (40 वर्ष) की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस विभाग और उनके गृह क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसना विकासखंड के ग्राम गोड़मर्रा निवासी दयासागर भोई बागबाहरा थाना में हवलदार के पद पर कार्यरत थे। अवकाश के दौरान वे अपने गृहग्राम आए हुए थे। रविवार को निजी कार्य से पिथौरा गए थे और काम पूरा करने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोंक नदी क्रॉसिंग स्थित बलदीडीह के पास उनकी बाइक की रायपुर की ओर जा रहे एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक गलत दिशा से आ रही थी, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक सवार ट्रेलर के नीचे जा घुसा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घायल हवलदार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा भेजा गया। हालांकि चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस विभाग में शोक की लहर
दयासागर भोई के असामयिक निधन से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है। सहकर्मियों और ग्रामीणों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ एवं मिलनसार व्यक्तित्व का धनी बताते हुए उनके निधन को विभाग और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उनके निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पुलिस अधिकारियों तथा ग्रामीणों ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

इन्हें भी पढ़े