अहिल्याबाई होल्कर जयंती पर पूर्व सैनिकों ने चलाया स्वच्छता अभियान
शहीद स्मारक परिसर की सफाई कर महानारी के आदर्शों को किया याद, उनके ऐतिहासिक योगदान पर डाला प्रकाश
महासमुंद। भारत की महान शासिका एवं लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर ग्राम खरोरा स्थित शहीद स्मारक परिसर में पूर्व सैनिक संगठन द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान संगठन के सदस्यों ने स्मारक परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों और उनके राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की उन महान विभूतियों में शामिल हैं, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट प्रशासन, न्यायप्रियता और जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने वर्ष 1767 से 1795 तक लगभग तीन दशकों तक मालवा साम्राज्य का सफलतापूर्वक शासन किया और प्रजा के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
वक्ताओं ने बताया कि अहिल्याबाई होल्कर ने सनातन धर्म, संस्कृति और भारतीय सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके प्रयासों से देश के विभिन्न हिस्सों में अनेक मंदिरों, घाटों और धर्मशालाओं का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कराया गया। विशेष रूप से काशी विश्वनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक मानी जाती है।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर को एक कुशल प्रशासक, न्यायप्रिय शासिका और प्रजावत्सल रानी के रूप में सदैव याद किया जाएगा। उनके जीवन से सेवा, समर्पण, सुशासन और समाजहित की प्रेरणा मिलती है।
स्वच्छता अभियान के दौरान पूर्व सैनिकों ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने तथा महापुरुषों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
