गणेश प्रतिमाएं मूल स्वरूप में स्थापित करने की मांग, विहिप ने सौंपा ज्ञापन
अशोभनीय एवं कार्टून आधारित प्रतिमाओं पर रोक लगाने की मांग, उल्लंघन पर एफआईआर की चेतावनी
महासमुंद। आगामी गणेश चतुर्थी पर्व को लेकर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) जिला महासमुंद ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर विनय कुमार लंगेह एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अक्षा गुप्ता को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के नाम ज्ञापन सौंपकर गणेश पूजा पंडालों में भगवान गणेश की प्रतिमाएं उनके मूल स्वरूप में स्थापित कराने की मांग की है।
विहिप के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन चंद्राकर ने बताया कि पिछले वर्ष गणेशोत्सव के दौरान कुछ स्थानों पर कार्टून आधारित एवं अशोभनीय स्वरूप की गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं, जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं। इस पर प्रदेशभर में विरोध दर्ज कराया गया था तथा कुछ स्थानों पर प्रशासन द्वारा ऐसी प्रतिमाओं को हटाकर तत्काल विसर्जन की कार्रवाई भी की गई थी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए समय रहते प्रशासन से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है। साथ ही जिले के मूर्तिकारों एवं गणेशोत्सव समितियों से भी भगवान गणेश की प्रतिमाओं का निर्माण और स्थापना केवल पारंपरिक एवं मूल स्वरूप में करने का आग्रह किया गया है।
चंद्राकर ने चेतावनी देते हुए कहा कि भगवान गणेश के मूल स्वरूप से छेड़छाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि कहीं मूल स्वरूप से भिन्न प्रतिमा स्थापित की जाती है तो संबंधित गणेशोत्सव समिति एवं मूर्तिकार के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर हिंदू धर्म और संस्कृति के अनुरूप पर्व मनाने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। चूंकि प्रतिमा निर्माण का कार्य प्रारंभ हो चुका है, इसलिए बजरंग दल के सदस्य मूर्तिकारों से संपर्क कर मूल स्वरूप में ही प्रतिमा निर्माण का आग्रह कर रहे हैं।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन चंद्राकर, नगर अध्यक्ष चंद्रबदन मिश्रा, दानेश्वर सिन्हा, नगर मंत्री अश्वनी शर्मा, ग्रामीण उपाध्यक्ष उदयराम साहू, सुरेंद्र महाराज, चंदन नेताम, राहिल गुप्ता, कान्हा प्रधान, रामेश्वर पांडे, गोलू साहू, संजय यादव, प्रमोद साहू, रामेश्वर गोलू साहू सहित विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
