ग्राम देववाड़वी में ‘सुशासन तिहार’ एवं ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ का भव्य आयोजन

ट्रांसेक्ट वॉक, आधार अपडेटेशन और विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी
मोहला 25 मई 2026/छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जनजातीय सशक्तिकरण तथा विकासखंड के सुदूर क्षेत्रों तक शासकीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम देववाड़वी में क्लस्टर स्तरीय ‘सुशासन तिहार’ के साथ ‘जनजातीय गरिमा उत्सव’ एवं ‘जनभागीदारी अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया।
इस विशेष शिविर का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज का सशक्तिकरण करना तथा शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से अंतिम व्यक्ति को जोड़ना रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में जनजातीय सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया गया। उत्सव के दौरान जनजातीय संस्कृति के संरक्षण एवं उनके आर्थिक और सामाजिक उत्थान पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्रगति कर ही समाज को मुख्यधारा में सशक्त रूप से स्थापित किया जा सकता है। इस क्लस्टर स्तरीय आयोजन में जिला एवं विकासखंड स्तर के प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंच-सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
– शिविर में विभिन्न गतिविधियों एवं सेवाओं का आयोजन
कार्यक्रम की शुरुआत अधिकारियों एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों द्वारा ‘ट्रांसेक्ट वॉक’ के साथ की गई। इसके माध्यम से गांव की भौगोलिक स्थिति, उपलब्ध संसाधनों तथा बुनियादी आवश्यकताओं का जमीनी स्तर पर अवलोकन किया गया, ताकि भविष्य की विकास योजनाओं को बेहतर ढंग से तैयार किया जा सके। इसी प्रकार आधार एवं डिजिटल सेवा के अंतर्गत शिविर में ग्रामीणों की सुविधा के लिए विशेष आधार शिविर लगाया गया। इसमें नए आधार कार्ड बनाना, त्रुटियों का सुधार तथा अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेटेशन का कार्य मौके पर ही किया गया, जिससे ग्रामीणों को ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली।
– स्वास्थ्य जांच के साथ योजनाओं की दी गई जानकारी
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर में आए ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान मौसमी बीमारियों की जांच, बीपी एवं शुगर टेस्ट के साथ आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा सूचनात्मक स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से कृषि, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा पंचायती राज विभाग की योजनाओं की जानकारी सीधे हितग्राहियों को प्रदान की गई।