सुशासन तिहार में साकार हुआ मानसाय का पक्के घर का सपना
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली नई जिंदगी, अब कच्चे नहीं पक्के मकान में रह रहा परिवार
रायपुर, 23 मई 2026/मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब और वंचित परिवारों के पक्के आवास का सपना अब साकार हो रहा है।
सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पूहपुटरा निवासी मानसाय को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पक्का मकान मिला है। सुशासन तिहार के दौरान आयोजित कार्यक्रम में उन्हें नए आवास की चाबी और पूर्णता प्रमाण पत्र भी प्रदान किया गया।
मानसाय ने बताया कि उनका परिवार लंबे समय से कच्चे मकान में रह रहा था। बरसात और अन्य मौसम में कच्चे घर में रहने के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे स्वयं पक्का मकान बनाने में सक्षम नहीं थे।
प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बाद अब उनका पक्का घर तैयार हो चुका है, जिसमें वे अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक जीवन बिता रहे हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब परिवार को बारिश और अन्य समस्याओं की चिंता नहीं रहती और बच्चों के लिए भी सुरक्षित वातावरण मिल गया है।
मानसाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस योजना ने उनके वर्षों पुराने सपने को पूरा कर दिया।
उल्लेखनीय है कि सुशासन तिहार के तहत प्रदेशभर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया जा रहा है। शासन की इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है।
