प्रधानमंत्री आवास योजना से बदली विश्वासा बाई की जिंदगी
कच्चे घर की मुश्किलों से मिली राहत, अब पक्के मकान में सम्मानपूर्वक जीवन
रायपुर, 18 मई 2026/प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ने कबीरधाम जिले की एक और जरूरतमंद महिला के जीवन में खुशियों की नई रोशनी भर दी है। ग्राम सेन्हाभाठा निवासी श्रीमती विश्वासा बाई, जो वर्षों तक जर्जर कच्चे मकान में परिवार सहित कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर थीं, आज अपने पक्के और सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक जीवन जी रही हैं। पति के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी अकेले संभाल रही विश्वासा बाई मजदूरी कर किसी तरह रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करती थीं। सीमित आय और संसाधनों की कमी के कारण पक्का मकान बनाना उनके लिए केवल सपना बनकर रह गया था। बरसात में टपकती छत, दीवारों में सीलन और घर में भरता पानी हर साल उनके परिवार के लिए परेशानी और चिंता का कारण बनता था। गर्मी और सर्दी के मौसम में भी कच्चा मकान सुरक्षित नहीं था।
विश्वासा बाई की इस समस्या का समाधान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से हुआ। आवास प्लस सर्वे में उनके दिवंगत पति का नाम दर्ज होने के बाद ग्राम सभा द्वारा पात्रता तय की गई और उत्तराधिकारी के रूप में विश्वासा बाई को वर्ष 2025-26 में आवास स्वीकृत किया गया। योजना के तहत प्रथम किश्त के रूप में 40 हजार रुपए की राशि सीधे उनके बैंक खाते में डीबीटी माध्यम से जारी की गई। ग्राम पंचायत और विभागीय अमले के मार्गदर्शन में उन्होंने अपने पक्के मकान का निर्माण शुरू किया। निर्माण कार्य आगे बढ़ने पर उन्हें दूसरी किश्त 55 हजार रुपए तथा अंतिम किश्त 25 हजार रुपए की राशि भी प्राप्त हुई, जिससे उनका आवास पूर्ण होकर तैयार हो गया।
अधिकारियो ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ विश्वासा बाई के परिवार को अन्य शासकीय योजनाओं का भी लाभ मिला है। मनरेगा के तहत आवास निर्माण में 90 दिनों का रोजगार एवं 23 हजार 490 रुपए की मजदूरी राशि दी गई। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन से शौचालय, उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, नल-जल योजना से पेयजल, दीनदयाल योजना से बिजली, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड और महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह एक हजार रुपए की सहायता भी मिल रही है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कबीरधाम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन पर जानकारी देते हुए बताया कि योजना अंतर्गत वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 इन दो वर्षों में कुल 50871 आवासों की स्वीकृति प्रदान की गई है। 50104 हितग्राहियों को प्रथम किश्त, 41142 हितग्राहियों को द्वितीय किश्त एवं 28380 हितग्राहियों को तृतीय किश्त प्रदाय किया चुका है। अभी तक 32740 ग्रामीण परिवारों ने अपने पक्के मजबूत एवं सुंदर आवास का निर्माण कर गृह प्रवेश कर लिया है। ग्रामीण परिवार इन घरों में मान सम्मान के साथ जीवन यापन कर रहे हैं।
पक्के आवास ने जीवन की चिंताओं से किया मुक्त: विश्वासा बाई
नए पक्के मकान में रहने के बाद विश्वासा बाई और उनके परिवार की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहा है। पक्का घर बनने से समाज में उनका मान-सम्मान भी बढ़ा है और बरसात सहित अन्य मौसमों की चिंता पूरी तरह समाप्त हो गई है।
