2468 किशोरी बालिकाओं का हुआ नि:शुल्क एचपीवी टीकाकरण
राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान
राजनांदगांव 17 मई 2026। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान पूरी गति से चलाया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य देश की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा का कैंसर) जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से बचाना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत जिले में 2468 किशोरी बालिकाओं को चिकित्सकों की निगरानी में नि:शुल्क एचपीवी टीकाकरण किया गया है। जिसमें टीकाकरण उपरांत कोई भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा एचपीवी वैक्सीन को पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है। टीका लगवाने के लिए माता-पिता या अभिभावक की सहमति अनिवार्य है। अभियान के तहत लक्षित आयु वर्ग की लड़कियों को सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन की एकल खुराक (सिंगल डोज) दी जा रही है। डॉक्टरों और विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार सही उम्र में ली गई यह सिंगल-डोज वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर को रोकने में 93 से 100 प्रतिशत तक प्रभावी है। अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण और 15 वर्ष 90 दिन तक की बालिकाओं को कवर किया जा रहा है। यह वैक्सीन सभी सरकारी अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला अस्पतालों में पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध है। पारदर्शिता और बेहतर रिकॉर्ड के लिए इस पूरी प्रक्रिया को यू-विन डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, जहां लाभार्थी का डिजिटल सर्टिफिकेट भी डाउनलोड किया जा सकता है।
सभी अभिभावकों, शैक्षणिक संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने में योगदान देने की अपील की है। अभिभावक अपनी बेटियों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य के लिए नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित सत्रों में एचपीवी सुरक्षा कवच अवश्य दिलवाएं। एचपीवी वैक्सीन के संबंध में विस्तृत जानकारी निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से प्राप्त की जा सकती है।
