यूनिसेफ एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के संयुक्त तत्वावधान में तारुण्य वार्ता प्रशिक्षण सम्पन्न
सारंगढ़ बिलाईगढ़, 16 मई 2026/यूनिसेफ एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के अंतर्गत पीरियडस पर खुलकर “तारुण्य वार्ता अभियान के साथ दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम रायपुर स्थित बालाजी विद्या मंदिर में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सारंगढ़ बिलाईगढ़ सहित राज्य के सभी जिलों के भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त एवं लीडर्स शामिल हुए।
कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं के बीच मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाना, सामाजिक संकोच को दूर करना तथा सुरक्षित एवं सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन के प्रति सकारात्मक संवाद स्थापित करना है। प्रशिक्षण के माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स को विभिन्न जिलों में जागरूकता अभियान संचालित करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि मासिक धर्म एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिस पर चुप्पी नहीं बल्कि खुलकर संवाद और जागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बेटी को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन का अधिकार मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स द्वारा प्रारंभ किए गए इस अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इंद्रजीत सिंह खालसा ने कहा कि यूनिसेफ के सहयोग से शुरू किया गया यह अभियान किशोर स्वास्थ्य एवं जागरूकता के क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स हमेशा सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाते रहे हैं और यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से जिला संगठन आयुक्त ( गाइड ) धात्री नायक, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) मीना जांगड़े एवं (गाइड कैप्टन) पार्वती वैष्णव ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। कार्यक्रम के दौरान मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा, जागरूकता अभियान संचालन एवं समुदाय स्तर पर संवाद स्थापित करने जैसे विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।
