ओडिशा से गांजा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

20 किलो गांजा मामले में की गई कार्रवाई
महासमुंद। जिले की खल्लारी पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना खल्लारी में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तहत 28 मार्च 2026 को चरौदा मोड़, ग्राम खल्लारी के पास नाकेबंदी कर बोलेरो एम्बुलेंस क्रमांक एम एच 49 सी 0133 को रोका गया था। तलाशी के दौरान वाहन से 20 किलो गांजा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपए आंकी गई थी।
कार्रवाई के दौरान गांजा परिवहन में प्रयुक्त बोलेरो एम्बुलेंस सहित कुल 15 लाख 16 हजार 800 रुपए की संपत्ति जब्त की गई थी। मामले में मौके से दो आरोपियों सलमान खान और शिराज पठान को गिरफ्तार किया गया था।
तकनीकी विश्लेषण से पहुंची पुलिस मुख्य सप्लायर तक
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने गांजा ओडिशा से खरीदना स्वीकार किया था। इसके बाद खल्लारी पुलिस एवं एएनटीएफ की टीम ने तकनीकी विश्लेषण और जांच के आधार पर ओडिशा के संबलपुर जिले के ग्राम धामा में दबिश देकर मुख्य सप्लायर सुशांता मुखी (34) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुशांता मुखी लंबे समय से गांजा उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा था और अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पहले गिरफ्तार हो चुके हैं दो परिवहनकर्ता
प्रकरण में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में सलमान खान पिता जलील खान (26) निवासी मोमिनपुरा, थाना गांधीबाग, जिला नागपुर महाराष्ट्र तथा शिराज पठान पिता मोहम्मद नशीर (39) निवासी अंसार नगर, थाना गांधीबाग, जिला नागपुर महाराष्ट्र शामिल हैं।
5.180 किलो गांजा समेत बाइक और मोबाइल जब्त
एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.180 किलोग्राम गांजा, परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 34 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से महासमुंद की ओर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल में गांजा लेकर आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने टेमरी जांच नाका में घेराबंदी कर संदिग्ध बाइक क्रमांक ओडी 03 जेड 5970 को रोका। पूछताछ के दौरान बाइक चालक प्रसन्न महानंद (48) पिता जदू महानंद, निवासी बुढीपदर, थाना सिंधेकला, जिला बलांगीर (ओडिशा) ने बाइक की डिक्की और सीट के भीतर गांजा छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर पुलिस ने 5.180 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 20(बी)(II)(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया है।