अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई
तीन आरोपी गिरफ्तार, 15 लीटर से अधिक शराब व दो बाइक जब्त
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लीटर देशी एवं महुआ शराब के साथ दो मोटरसाइकिल जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, थाना पटेवा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम तेंदूवाही पड़ाव के पास घेराबंदी कर बाइक क्रमांक सीजी 06 जीजी 4983 को रोका। जांच के दौरान चालक किशन दास वैष्णव के कब्जे से 20 पौवा शोले प्लेन देशी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1600 रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
इसी प्रकार पुलिस ने बावनकेरा-खट्टा मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बाइक क्रमांक CG 04 DJ 3846 से 30 पौवा शोले प्लेन शराब बरामद की। आरोपी चंद्रहास बंछोर अवैध रूप से शराब परिवहन करते पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया तथा बाइक जब्त कर ली।
वहीं थाना बसना पुलिस ने ग्राम गढ़फुलझर स्थित अपना ढाबा के पास दबिश देकर जागेश्वर मिरी को अवैध महुआ शराब के साथ पकड़ा। आरोपी के पास से करीब छह लीटर महुआ शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए था। पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए शराब जब्त कर ली है।
