डीएमएफ शासी परिषद की बैठक, 150 करोड़ की वार्षिक कार्य-योजना का अनुमोदन
बिलासपुर, 13 मई 2026/कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक मंथन सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में 150 करोड़ रूपए राशि की वित्तीय वर्ष 2026-27 की नवीन वार्षिक कार्य-योजना का सर्वसम्मति से अनुमोदन किया गया। बैठक में विधायक सर्वश्री धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, एसडीएम श्रीमती आकांक्षा त्रिपाठी सहित शासी परिषद के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में जिले के विकास के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा कर अनुमोदन दिया गया। जिसमें प्रमुख रूप से जिले में पेयजल से संबंधित कार्याें के लिए 5 करोड़ 60 लाख रूपए, स्वास्थ्य सेवा को प्रभावी बनाने के लिए 16 करोड़, शिक्षा के लिए 31 करोड़ 64 लाख रूपए जिसमें महाविद्यालयों में शेड निर्माण, शिक्षा सेंटर के लिए शेड निर्माण, स्कूलों में आवश्यकतानुसार कक्ष एवं शेड निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल है। महिला एवं बाल कल्याण के लिए 6 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के लिए 11 करोड़, वृद्ध एवं दिव्यांगजन कल्याण के लिए 10 करोड़ 35 लाख रूपए, कौशल विकास के लिए 8 करोड़ सहित अन्य कार्याें का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक सियान सदन, पुलिस विभाग को दुर्घटनाग्रस्त व्यक्तियों को तत्काल अस्पताल पहंुचाने के लिए तीन एम्बुलेंस, शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्र गोल बाजार और नेहरू चौक से कोर्ट परिसर तक अंडरग्राउण्ड बिजली व्यवस्था, मल्हार मंदिर परिसर में शेड निर्माण, पुलिस ग्राउण्ड के मुख्य मंच का कायाकल्प, मंगला, तिफरा, उस्लापुर और बहतराई में मुक्तिधाम, सभी विकासखण्डों के चुनिंदा ग्राम पंचायतों में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र, ट्रैफिक नियंत्रण के लिए हाइड्रा वाहन आदि विकास कार्याें के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।
–00–
आदर्श आचार संहिता लागू होने से कुछ वार्ड एवं ग्राम पंचायतों को रखा गया सुशासन तिहार शिविर से मुक्त
बिलासपुर, 13 मई 2026/ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल द्वारा सुशासन तिहार अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले जन समस्या निवारण शिविरों के संबंध में आंशिक संशोधन आदेश जारी किया गया है। नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के मद्देनजर कुछ क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावशील होने के कारण संबंधित वार्ड एवं ग्राम पंचायतों को सुशासन तिहार शिविर कार्यक्रम से मुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार नगर निगम बिलासपुर के जोन क्रमांक 04 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 29 में आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण 2 जून 2026 को एल-2 दुर्गा पंडाल के पास प्रस्तावित शिविर से मुक्त किया गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भी सुशासन तिहार के अंतर्गत प्रस्तावित जन समस्या निवारण शिविरों में आंशिक संशोधन किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार जिन ग्राम पंचायतों में आदर्श आचार संहिता लागू है, वहां प्रस्तावित शिविरों से इन ग्रामों को मुक्त किया गया है। इनमें गतोरा, रिस्दा, गिधपुरी-ओखर, करगीखुर्द, केवटाडीह (भू.) तथा कलारतराई,रानीसागर पंचायत क्षेत्र शामिल हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं आदर्श आचार संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों को संशोधित कार्यक्रम की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
