प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना पर कार्यशाला आयोजित
उत्तर बस्तर कांकेर 27 अप्रैल 2026/ प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के अंतर्गत जिला पंचायत उत्तर बस्तर कांकेर के सभाकक्ष में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित हितधारक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्योग संचालनालय रायपुर के प्रतिनिधि द्वारा पीएम गति शक्ति पोर्टल के उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पोर्टल के माध्यम से विभाग अपनी परियोजनाओं को तैयार करने, समन्वय स्थापित करने एवं योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों को बताया गया कि इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विभिन्न प्रकार की आधारभूत संरचना एवं भूमि से संबंधित जानकारी उपलब्ध रहती है, जिससे परियोजनाओं की योजना बनाने में समय और संसाधनों की बचत होती है। इसके उपयोग से जिले में विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा परिवहन एवं लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के सुदृढ़ होने से व्यापार एवं उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा। कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों को पोर्टल के व्यावहारिक उपयोग के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के सहयोग से संपन्न हुआ।
