गरियाबंद में जनस्वास्थ्य सुरक्षा के लिए विशेष जांच शिविर का शुभांरभ

गरियाबंद, 27 अप्रैल 2026/ जिले में आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं औषधि उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा 27 अप्रैल 2026 से 11 मई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मिलावट रहित खाद्य सामग्री और सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराना है। “सही दवा, शुद्ध आहार” की थीम पर आधारित यह अभियान जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कलेक्टर भगवान सिंह उइके के मार्गदर्शन में इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों को सम्मिलित करते हुए दो पृथक प्रकोष्ठों का गठन किया गया है। ये टीमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर खाद्य पदार्थों और दवाओं की गुणवत्ता की जांच करेंगी तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान से न केवल मिलावटखोरों पर अंकुश लगेगा, बल्कि आम जनता में भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शुद्ध और प्रमाणित खाद्य सामग्री का ही उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दे।