कलेक्टर ने किया कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण

ग्रीष्मकालीन कौशल प्रशिक्षण से छात्राओं में दिख रहा उत्साह
सूरजपुर/27 अप्रैल 2026/ कलेक्टर एस. जयवर्धन द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, सूरजपुर में संचालित ग्रीष्मकालीन वोकेशनल एवं स्पेसिफिक स्किल्ड ट्रेनिंग कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण में जुटी छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया एवं आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि छात्राएं कंप्यूटर वर्क, सॉफ्ट टॉय निर्माण, मेहंदी कला, पोस्टर पेंटिंग, लिफ्टेन आर्ट एवं टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल) निर्माण जैसी विविध गतिविधियों में पूरे मनोयोग से भाग ले रही हैं। ग्रीष्मावकाश के सदुपयोग हेतु आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में व्यावहारिक कौशल एवं रचनात्मकता का विकास करना है।
कलेक्टर एस. जयवर्धन ने छात्राओं की लगन एवं कार्यकुशलता की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर नई चीजें सीखने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कौशल विकास कार्यक्रम बालिकाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके भविष्य को नई दिशा प्रदान करते हैं।