विश्व मलेरिया दिवस पर कार्यशाला एवं जागरूकता रैली का आयोजन
दुर्ग, 25 अप्रैल 2026/ कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में आज जिले भर में ’विश्व मलेरिया दिवस’ के अवसर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष के विशेष थीम ’मलेरिया को समाप्त करने के लिए प्रेरित अब हम कर सकते है, अब हमे करना ही होगा’ के साथ स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यशाला आयोजित की और जन-जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आम जन को मादा एनाफिलीस मच्छर से फैलने वाले मलेरिया रोग की उत्पत्ति, बचाव और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और मलेरिया के प्रति संवेदनशील क्षेत्रों जैसे प्रवासी और सीमावर्ती समुदायों को जागरूक करने पर जोर दिया गया। मच्छर जनित रोगों के नियंत्रण हेतु कड़े निर्देश जारी किए गए। इसके तहत कूलर, गमले, टायर और जल भराव वाले क्षेत्रों में टेमिफास व मेलाथियान जैसी कीटनाशक दवाओं के छिड़काव से लार्वा विनिष्टीकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि जहाँ मादा एनाफिलीस से मलेरिया होता है, वहीं मादा क्यूलेक्स के काटने से हाथीपांव (फाईलेरिया) और मादा एडिस मच्छर से डेंगू जैसी गंभीर बीमारियाँ फैलती हैं। इस अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए मितानीनों को नारा लेखन और ग्राम स्वास्थ्य समितियों को बैठकें आयोजित कर व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु निर्देशित किया गया है, ताकि समुदाय को मच्छरदानी के उपयोग और स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जा सके।
