महासमुंद के 4 पैरा खिलाड़ियों ने गांधीनगर में दिखाया दम, साई चयन ट्रायल में लिया हिस्सा
23 से 25 अप्रैल तक गुजरात में आयोजित हुआ राष्ट्रीय स्तर का ट्रायल, चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी विश्वस्तरीय ट्रेनिंग सुविधा
महासमुंद। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) द्वारा आयोजित पैरा एथलेटिक्स चयन ट्रायल (एनसीओई गांधीनगर 2026-27) का आयोजन 23 से 25 अप्रैल 2026 तक नेताजी सुभाष वेस्टर्न रीजनल सेंटर, सेक्टर-15, गांधीनगर (गुजरात) में किया गया। इस प्रतिष्ठित ट्रायल में महासमुंद जिले से चार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर जिले का गौरव बढ़ाया।
इस चयन प्रक्रिया में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को शामिल किया गया। पात्रता के तहत वे खिलाड़ी शामिल हुए जिन्होंने राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया हो, राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता एवं खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2025-26 में प्रथम से चतुर्थ स्थान प्राप्त किया हो या वर्तमान वर्ल्ड रैंकिंग में शीर्ष 8 में स्थान बनाया हो।
महासमुंद से अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट लक्की यादव और ईश्वरी निषाद के साथ राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी नोशन पटेल एवं देव मोती साव ने ट्रायल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
खिलाड़ियों के साथ कोच निरंजन साहू, गाइड रनर प्रशांत निषाद एवं नइमिस सिदार का विशेष मार्गदर्शन रहा, जिनकी देखरेख में खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया।
समाजसेवी संस्था फॉर्चून फाउंडेशन, कर्मपटपर (बागबाहरा खुर्द) द्वारा जिले के दिव्यांग/पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ियों को लगातार प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है। संस्था के प्रयासों से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। इस चयन ट्रायल के माध्यम से चयनित खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधा प्रदान की जाएगी, जिसमें आवास व्यवस्था, खेल सामग्री,
प्रतियोगिताओं में भागीदारी, अध्ययन व्यय
स्पोर्ट्स साइंस सपोर्ट, स्वास्थ्य बीमा
जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं शामिल हैं।
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे साई गांधीनगर में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करें।
ट्रायल में शामिल होने पर खिलाड़ियों को सीईओ हेमंत नंदनवार, उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह, खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे सहित जिला पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों और समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है, बल्कि जिले में पैरा स्पोर्ट्स को मिल रहे निरंतर सहयोग और प्रोत्साहन का भी प्रमाण है।
