मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने का आह्वान
रायपुर ग्रामीण एसपी श्रीमती मनीषा ठाकुर ने ली सदस्यता
रायपुर, 23 अप्रैल 2026। कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सोसायटी सभाकक्ष में राज्यपाल रमेन डेका के समक्ष प्रभारी रायपुर ग्रामीण एसपी श्रीमती मनीषा ठाकुर ने रेडक्रॉस सोसाइटी में आजीवन सदस्य के रूप में सदस्यता ली। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एक स्वतंत्र मानव समाजसेवी संस्था है, जो आपदा एवं संकट की परिस्थितियों में पीड़ितों की सहायता के लिए समर्पित है। संस्था द्वारा भूकंप, आग, बाढ़ एवं सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तथा रक्तदान शिविरों का नियमित आयोजन किया जाता है।
संस्था से जुड़ने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सदस्यता प्रदान की जाती है, जिसमें संरक्षक सदस्य के लिए 25,000 रुपए, उप संरक्षक सदस्य के लिए 12,000 रुपए, आजीवन सदस्य के लिए 1,000 रुपए तथा वार्षिक सदस्यता के लिए 100 रुपए निर्धारित किए गए हैं। इस अवसर पर रेडक्रॉस के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से संस्था से जुड़कर मानव सेवा में योगदान देने का आह्वान किया गया।
