436 रुपये सालाना प्रीमियम से मिली बड़ी आर्थिक सहायता

पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना से दो परिवारों को मिली राहत
गरियाबंद, 15 अप्रैल 2026/ जीवन की अनिश्चितताओं के बीच एक छोटी सी पहल कैसे बड़े संकट में संबल बन सकती हैै। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण गरियाबंद विकासखंड के ग्राम चीपरी में देखने को मिला। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना मात्र 436 रुपये सालाना प्रीमियम से दो परिवारों को कठिन समय में आर्थिक सहारा प्रदान किया है।
कलेक्टर बीएस उईके ने योजना के तहत राहुल कुमार धु्रव एवं राजुला धु्रव को 2-2 लाख रुपये की बीमा राशि के चेक प्रदान किया। ग्राम चीपरी के राहुल कुमार ध्रुव की माता स्वर्गीय मानकी बाई धु्रव लंबे समय से पेट संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं। तीन महीनों तक असहनीय दर्द झेलने के बाद उन्होंने खाना-पीना तक त्याग दिया और उनका निधन हो गया। मानकी बाई बिहान समूह से जुड़ी थीं और उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत मात्र 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर परिवार के सदस्यों का बीमा कराया था। उनके निधन के मात्र दो माह के भीतर ही बैंक ऑफ बड़ौदा, गरियाबंद शाखा द्वारा राहुल को 2 लाख रुपये की बीमा राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर उपस्थित थे।
इसी तरह स्वर्गीय ललेश धु्रव की आकस्मिक मृत्यु के बाद उनकी पत्नी राजुला धु्रव को भी 2 लाख रुपये की सहायता राशि मिली। राजुला बिहान समूह से जुड़ी हैं और उन्होंने अपने पति के साथ योजना के तहत बीमा कराया था। उन्होंने बताया कि उनके पति मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। अचानक तबीयत बिगड़ने उल्टी, दस्त और बुखार के चलते एक ही रात में उनका निधन हो गया। ऐसे कठिन समय में मिली बीमा राशि उनके परिवार के लिए बड़ी राहत साबित होगी। इस दौरान रमेश वर्मा, वीएम खरे, प्रेम साहू, हेमंत तुर्की, मीना साहू, बैंक मित्र तेजस्वी मानिकपुरी, नीमा धु्रव, संगीता धु्रव, श्री देवांगन एवं दुर्गेश साहू सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।