बड़ेकाकलेड में संतृप्ति शिविर आयोजित
योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ स्वास्थ्य जांच और जनसमस्याओं पर हुआ फोकस
बीजापुर 14 अप्रैल 2026- कलेक्टर संबित मिश्रा के निर्देशानुसार नियद नेल्लानार ग्राम पंचायतों एवं उनके आश्रित ग्रामों में नियमित अंतराल पर संतृप्ति शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड भोपालपटनम अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ेकाकलेड में 13 अप्रैल 2026 को शिविर आयोजित किया गया। जिसमें पंचायत के सभी आश्रित ग्रामों के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।
शिविर के दौरान मौके पर ही 31 जॉब कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही जन्म प्रमाण पत्र, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाता खोलने सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के लिए आवेदन फॉर्म भरे गए जिससे ग्रामीणों को त्वरित लाभ मिल सका।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच एवं स्क्रीनिंग भी की गई। शिविर में कुल 55 व्यक्तिगत एवं सामुदायिक मांग/ज्ञापन प्राप्त हुए। ग्रामीणों द्वारा प्रमुख रूप से क्षेत्र में बस सेवा प्रारंभ करने, विद्युत विस्तार एवं सुचारू आपूर्ति, संचार सुविधा के लिए जियो मोबाइल टावर की स्थापना, प्राथमिक कृषि सहकारी समिति संड्रा (विस्थापित) को मूल स्थान पर संचालित करने तथा इंद्रावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वर्ष 2003 से बंद तेंदूपत्ता तोड़ाई पुनः शुरू करने जैसी मांगें रखी गईं।
शिविर में जनपद प्रतिनिधि, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता के साथ शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जहां शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक पहल की गई।
