आवापल्ली में उसूर ब्लॉक के विक्रेताओं की समीक्षा बैठक सम्पन्न

बीजापुर 14 अप्रैल 2026- अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल ने जनपद पंचायत सभाकक्ष आवापल्ली में उसूर ब्लॉक के समस्त विक्रेताओं एवं दुकान संचालकों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर सहायक खाद्य अधिकारी एवं समस्त खाद्य निरीक्षक भी उपस्थित रहे।
बैठक में दुकान संचालन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्रमुख रूप से चावल उत्सव, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, डीडी प्रक्रिया, ट्रैक्टर के माध्यम से भंडारण एवं वितरणए आधार सीडिंग, ई-केवाईसी तथा जर्जर भवनों की स्थिति जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया गया।
अपर कलेक्टर ने सभी विक्रेताओं को निर्देशित किया कि वितरण व्यवस्था पारदर्शी एवं सुचारू रूप से संचालित की जाए, जिससे पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। साथ ही आधार सीडिंग एवं ई-केवाईसी कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने विक्रेताओं की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। अंत में सभी को शासन के दिशा.निर्देशों का पालन करते हुए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया।