आंबेडकर जयंती पर पालिकाध्यक्ष व पार्षदों ने किया माल्यार्पण, समानता के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

महासमुंद। संविधान निर्माता एवं भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आज आंबेडकर चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू एवं पार्षदों ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष श्री साहू ने बाबा साहेब के महान विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक समरसता, समानता एवं न्याय के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने देश को संविधान देकर प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार प्रदान किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि संविधान दिवस हमें हमारे मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाता है, क्योंकि राष्ट्र का निर्माण केवल अधिकारों के उपभोग से नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों के निर्वहन से होता है।
कार्यक्रम में सभापति जितेंद्र देवनारायण ध्रुव, सभापति श्रीमती ज्योति रिन्कू चंद्राकर, सभापति श्रीमती ईश्वरी संजय भोई, सभापति गुलशन साहू, पार्षद राहुल आवड़े, धनेंद्र चंद्राकर, मुन्ना देवार, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष शाहबाज राजवानी, हरिराम दीवान, नयन दीवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनका स्मरण किया।