दो माह से वेतन नहीं मिलने पर मदिरा दुकान कर्मचारियों की गुहार, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की आस

महासमुंद। जिले के शासकीय प्रीमियम विदेशी एवं देशी मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों ने पिछले दो माह से वेतन भुगतान नहीं होने पर गंभीर चिंता जताई है। कर्मचारियों का कहना है कि फरवरी और मार्च माह का वेतन अब तक नहीं मिला है, जिससे उनकी आर्थिक और मानसिक स्थिति अत्यंत खराब हो गई है।
कर्मचारियों के अनुसार, पूर्व में कार्य संचालन कर रही कंपनी ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड से अब कार्य को इनोवेशन लिमिटेड को हस्तांतरित कर दिया गया है। हालांकि, कंपनी परिवर्तन के बावजूद पिछले दो माह का वेतन अब तक लंबित है, जिसकी जिम्मेदारी स्पष्ट नहीं हो पा रही है।
वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों को दैनिक जरूरतों को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी खर्चों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
इस संबंध में कर्मचारियों सेवक राम ध्रुव और रूपेंद्र पटेल ने मुख्यमंत्री से सादर निवेदन करते हुए शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि उन्हें उनके बकाया वेतन का भुगतान मिल सके और वे सामान्य जीवन जी सकें। कर्मचारियों ने प्रशासन से भी इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।