ग्रे वाटर टैंक निर्माण से तालाब रहेंगे स्वच्छ, जल जनित बीमारियों में आएगी कमी: सभापति सुधा योगेश्वर

महासमुंद। सोरिद जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर में ग्रे वाटर टैंक निर्माण कार्य का भूमिपूजन जनपद सदस्या एवं निर्माण सभापति सुधा योगेश्वर चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सभापति सुधा योगेश्वर चंद्राकर ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते जल संकट के बीच न केवल पानी को बचाना आवश्यक है, बल्कि उसे स्वच्छ बनाए रखना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन का आधार है, इसलिए इसका संरक्षण और स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
उन्होंने आगे बताया कि ग्रे वाटर टैंक के निर्माण से गांव के तालाब में गंदे पानी का प्रवाह रुकेगा, जिससे तालाब का पानी स्वच्छ बना रहेगा। इसके साथ ही जल जनित बीमारियों में कमी आएगी और लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा। पालतू पशुओं को भी स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सकेगा।
गांव में तालाब दैनिक जीवन का अहम हिस्सा है, जहां से लोगों की दिनचर्या की शुरुआत और समापन होता है। ऐसे में इसकी स्वच्छता के लिए किया जा रहा यह कार्य गांव के बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में पूर्व जनपद सदस्य योगेश्वर चंद्राकर, सरपंच भुनेश्वर ध्रुव, फेरहु निषाद, पंच चतुर निषाद, जितेंद्र निषाद, मुन्ना साहू, संतोष निषाद, राजा राम यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।