ग्राम सढ़ौली के गुणग्य चंद्रवंशी बने सफल पषुपालक
कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से दुध उत्पादन में हो रही बढ़ोतरी
गरियाबंद, 13 अप्रैल 2026/ राज्य डेयरी उद्यमिता विकास योजना के तहत जिला मुख्यालय के समीपस्थ ग्राम सढ़ौली के पशुपालक गुणग्य चंद्रवंशी ने अपने परिश्रम और लगन से डेयरी व्यवसाय में सफलता प्राप्त की है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में उन्होंने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक गरियाबंद से दो दुधारू गाय खरीदने के लिए 1 लाख 40 हजार रुपये का ऋण लिया था। जिस पर विभाग की ओर से 93 हजार 200 रुपये का अनुदान दिया गया।
शुरुआती दिनों में उनके यहां प्रतिदिन 16 से 17 लीटर दूध का उत्पादन होने लगा। जिसे वे गरियाबंद के स्थानीय बाजार में बेचते थे। दवाइयों, पशु आहार, चारा-भूसा आदि के खर्च निकालने के बाद उन्हें प्रतिमाह 7 से 8 हजार रुपये की शुद्ध आमदनी होने लगी। दो वर्ष बाद उनके दोनों पशुओं ने बछियों को जन्म दिया।
कृत्रिम गर्भाधान के माध्यम से उनके पशुओं की संख्या बढ़ती गई और वर्तमान में उनके पास 6 गायें हैं। गायों की संख्या बढ़ने के साथ-साथ दूध उत्पादन और आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई। बढ़ी हुई आमदनी से उन्होंने न केवल बैंक का पूरा ऋण चुकाया। बल्कि अपने परिवार के लिए एक पक्का मकान और मोटरसाइकिल भी खरीद ली। उनकी सफलता से गांव के अन्य लोग भी डेयरी व्यवसाय को अपनाने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। डेयरी उद्यमिता विकास योजना ने ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
