स्वास्थ्य अमला पीलिया से प्रभावित क्षेत्र का किया भ्रमण
दुर्ग, 10 अप्रैल 2026/ वार्ड-67 सेक्टर 7 पश्चिम सड़क 37 ए भिलाई नगर में पीलिया के मरीजों की जानकारी होने पर 10 अप्रैल 2026 को डॉ. मनोज दानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, दुर्ग के निर्देशन में एवं डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, जिला सर्वेलेंस अधिकारी, दुर्ग के मार्गदर्शन में डॉ. पियाम सिंग, प्रभारी अधिकारी, सिविल हॉस्पिटल सुपेला भिलाई व श्रीमती रितीका सोनवानी, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट, दुर्ग विजय सेजुले, सुपरवाईजर, हितेन्द्र कोसरे, बीईटीओ एवं स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं मितानिनों के साथ प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दानी से प्राप्त जानकारी अनुसार आज प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 110 घरों का भ्रमण कर 11 पीलिया से ग्रसित नए मरीज पहचान किये व अन्य लक्षणयुक्त 07 व्यक्तियों का ब्लड सैंपल जाँच हेतु हमर लैब जिला चिकित्सालय भेजा गया। इस प्रकार उक्त संक्रमित क्षेत्र में आज दिनांक तक कुल 15 पीलिया के मरीज़ मिले, जिनमें से 2 नये मरीज भर्ती हुए तथा 2 पुराने मरीज डिस्चार्ज हुए इस प्रकार कुल भर्ती 4 मरीज शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साईंस, भिलाई में उपचाररत है। प्रभावित क्षेत्र के तीन घरों से पीने के पानी का सैंपल जाँच हेतु चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज कचांदुर भेजा गया है, भिलाई इस्पात संयंत्र के द्वारा पानी टैंकर की व्यवस्था संक्रमित क्षेत्र में की गई एवं भिलाई इस्पात संयंत्र के पीएचई विभाग द्वारा पाइप लाइन की मरम्मत का कार्य किया जा रहा है, वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है। अतएव आम जनता के लिए प्रेस विज्ञप्ति जारी किया गया जिसमें जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग, दुर्ग आम जनता से अपील करता है। पीलिया हेतु पीलिया प्रदूषित जल व भोजन से फैलने वाला संक्रामक रोग है जो विषाणुओं के संक्रमण से होता है। विषाणुओं के शरीर में प्रवेश करने के 15 से 50 दिनों के भीतर बीमारी के लक्षण प्रकट होते है। पीलिया के प्रमुख लक्षण भूख न लगना, पीले रंग की पेशाब होना, भोजन का स्वाद न आना, उल्टी लगना या होना, सिर में दर्द होना एवं कमजोरी तथा थकावट का अनुभव करना, पेट के दाहिने तरफ ऊपर की ओर दर्द होना, आंखे व त्वचा का रंग पीला होना।
