धान उठाव को लेकर सख्त निर्देश, 15 अप्रैल तक 21 हजार मीट्रिक टन उठाव का लक्ष्य

कलेक्टर विनय लंगेह ने राईस मिलर्स व बैंक प्रबंधकों की बैठक में दी चेतावनी 30 अप्रैल तक चावल जमा नहीं करने पर होगी कार्रवाई
महासमुंद। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने धान उठाव को लेकर जिले के राईस मिलर्स और सहकारी बैंक शाखा प्रबंधकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में उन्होंने धान उठाव की प्रक्रिया को सुगम और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 195 पंजीकृत राईस मिलर्स हैं। कलेक्टर ने सभी मिलर्स को कस्टम मिलिंग के तहत निर्धारित समय सीमा में चावल जमा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि धान उठाव अंतिम चरण में है, इसलिए सभी मिलर्स तेजी के साथ उठाव सुनिश्चित करें।
कलेक्टर श्री लंगेह ने 15 अप्रैल तक समितियों में शेष लगभग 21 हजार मीट्रिक टन धान का उठाव करने का लक्ष्य तय किया। साथ ही भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और नान में चावल जमा करने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने वर्ष 2024-25 का चावल जमा करने में देरी करने वाले मिलर्स को चेतावनी देते हुए कहा कि शेष चावल शीघ्र जमा करें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जिन मिलर्स द्वारा 20 दिनों से अधिक समय तक आबंटित स्टॉक पूरा नहीं किया गया है, उन्हें भी तत्काल स्टॉक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उपार्जन केंद्रों में जिन मिलर्स का डी.ओ. जारी हो चुका है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर धान उठाव करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने यह भी स्पष्ट किया कि वर्ष 2024-25 का चावल शासन द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 तक हर हाल में जमा करना होगा।
बैठक में सहकारी बैंकों के शाखा प्रबंधकों को भी समितियों में शेष धान के उठाव में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यूरिया के भंडारण, वितरण एवं अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यूरिया का वितरण केवल पोस मशीन के माध्यम से और पोर्टल में एंट्री के बाद ही किया जाए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि साहू, जिला विपणन अधिकारी आशुतोष कोसरिया, जिला प्रबंधक (नान) विनोद बोधिचा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के नोडल अधिकारी अविनाश शर्मा सहित जिले के राईस मिलर्स उपस्थित रहे।