अवैध खनिज परिवहन पर सख्ती: दो टीपर वाहन जब्त, पुलिस अभिरक्षा में रखे गए
महासमुंद। जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अछोली क्षेत्र के भ्रमण के दौरान खनिज टीम ने भोरिंग के पास फर्शी पत्थर से भरे दो टीपर वाहनों को रोककर जांच की।
जांच के दौरान टीपर मालिक शकुन साहू (निवासी बोरसी) एवं सोनू अग्रवाल (निवासी महासमुंद) के पास खनिज परिवहन के लिए वैध अभिवहन पास नहीं पाया गया। इस पर कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों को जब्त कर तुमगांव पुलिस की अभिरक्षा में सुरक्षित रखा गया है।
इस कार्रवाई में सहायक खनिज अधिकारी देवेन्द्र कुमार साहू, सिपाही मनोज निर्मलकर, प्रशांत कालू एवं मनीष ढीढी उपस्थित रहे। खनिज अधिकारी फगुलाल नागेश ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में विभाग को 8 करोड़ 70 लाख रुपये के राजस्व लक्ष्य के विरुद्ध 17 करोड़ 87 लाख 42 हजार रुपये की प्राप्ति हुई है, जो निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार खनिजों का परिवहन अब ई-ट्रांजिट पास (ईटीपी) के माध्यम से अनिवार्य कर दिया गया है। बिना ई-अभिवहन पास के खनिज परिवहन करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
