कांग्रेस की संगठन सृजन अभियान समीक्षा बैठक सम्पन्न, बूथ-पंचायत कमेटियों के गठन पर जोर
जिलाध्यक्ष ने तय समय सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने दिए निर्देश, उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों का हुआ सम्मान
महासमुंद। संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ कमेटी, पंचायत कमेटी एवं वार्ड कमेटी के गठन की समीक्षा बैठक कांग्रेस भवन महासमुंद में आयोजित की गई। यह बैठक महासमुंद विधानसभा स्तर की थी, जिसमें तीनों ब्लॉकों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य बूथ और पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन की प्रगति की समीक्षा करना और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना रहा।
जिलाध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के निर्देशानुसार सभी जिलों को निर्धारित समय सीमा में बूथ एवं पंचायत स्तर की कमेटियों का गठन पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही आगामी चुनावों में सफलता की कुंजी है।
उन्होंने बताया कि महासमुंद जिला वर्तमान में बूथ गठन के मामले में प्रदेश में दूसरे स्थान पर है, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी तरह मेहनत जारी रखने पर जिला जल्द ही प्रथम स्थान हासिल कर सकता है। साथ ही उन्होंने जन समस्याओं के समाधान में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।
बैठक के दौरान कोमाखान ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज सिन्हा और बागबाहरा ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष देवनाथ साहू को उनके ब्लॉक में बूथ एवं पंचायत कमेटियों का गठन पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा तीकेश्वर दारा साहू, मायाराम टंडन और गजाधर धीवर को भी उनके सेक्टर में बेहतर कार्य के लिए सम्मान मिला। अन्य पदाधिकारियों को जल्द से जल्द गठन प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पूर्व प्रदेश प्रभारी महामंत्री अमरजीत चावला, जिला प्रभारी हितेंद्र ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर और पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान अमरजीत चावला ने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे ‘दलित विरोधी’ और ‘लोकतंत्र के खिलाफ’ बताते हुए निंदा प्रस्ताव पेश किया, जिसे बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
